Jaisalmer में बादलों ने डाला डेरा, उमस से लोग परेशान

Jaisalmer में बादलों ने डाला डेरा, उमस से लोग परेशान
 

जैसलमेर न्यूज़ डेस्क, जैसलमेर जिले में जुलाई माह का पहला सप्ताह बीत जाने के बाद भी अभी तक मानसून की जिले में एंट्री नहीं हुई है। जून के आखिरी दिनों में प्री मानसून सक्रिय होने से कुछ भागों में अच्छी बारिश हुई थी। लेकिन उसके बाद से एक बार भी बारिश नहीं हुई है। दूसरी तरफ उमस का असर भी कम नहीं हो रहा है। हालांकि दिन के तापमान में गिरावट हुई है। जिससे दिन में गर्मी से तो राहत मिली है लेकिन उमस ने पसीने छुड़ा दिए हैं। वहीं रात के पारे में बढ़ोतरी होने के कारण रातें गर्म होने लगी हैं।

रविवार को बादलों की आवाजाही बनी रही। वहीं हवाएं भी चली। जिससे दिन का पारा 3 डिग्री गिर गया। वहीं रात का पारा 2 डिग्री बढ़ गया। अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं सोमवार को भी बादलों से आसमान अटा रहा।बादलों की आवक से मौसम सुहावना हुआ वहीं उमस ने सभी को परेशान किया। लोगों को बारिश की उम्मीद है। लेकिन बादल बरस नहीं रहे।

11 जुलाई तक मौसम साफ रहेगा, हवा चलेगी

पश्चिमी जिले जैसलमेर में मानसून की एंट्री आगामी 4 दिन तक होने की संभावना नहीं है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि 11 जुलाई तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान बादल छाए रहने की संभावना है। लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। साथ ही कम रफ्तार की हवाएं चलने की संभावना है। जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है। अतुल गालव ने बताया- जुलाई के दूसरे सप्ताह में के आखिरी दिनों में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। जुलाई का पहला सप्ताह सूखा निकलने के बाद 11 जुलाई तक बारिश की संभावना नहीं होने के चलते किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें देखने को मिल रही है।