Delhi Election 2025: आप प्रत्याशी संजीव झा ने किया मतदान, दिल्ली में दोपहर 3 बजे तक 46.55 फीसदी मतदान

दिल्ली के बुराड़ी स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में बने पोलिंग बूथ पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी संजीव झा ने मतदान किया और वहां उपस्थित लोगों से वोटिंग की अपील की। इस दौरान संजीव झा ने चुनाव प्रक्रिया में कुछ सुधार की आवश्यकता जताते हुए कहा कि कुछ कमियां हैं, जिन्हें सुधारने की जरूरत है। साथ ही, संजीव झा ने नत्थूपुरा स्कूल में बनाए गए पिंक बूथ का भी जिक्र किया, जहां महिला मतदाताओं के लिए मतदान की सुविधा को सरल बनाने की दिशा में चुनाव आयोग ने यह कदम उठाया है।
संजीव झा ने भाजपा प्रत्याशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पोलिंग बूथ के बाहर डमी ईवीएम मशीन रखी गई है, जिसे कुछ लोग भाजपा के पक्ष में वोट करने के लिए लोगों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इस घटना को चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन बताया और आयोग से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने की अपील की। आप प्रत्याशी ने कहा कि लोग मतदान के लिए अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि वो अपने मतदान के माध्यम से अच्छी सरकार का चयन करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में आपका विचार बहुत मायने रखता है। मुझे पूरा भरोसा है कि लोग एक अच्छी सरकार बनाने की दिशा में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।झा ने कहा कि मैं समझता हूं कि दिल्ली की जनता बहुत समझदार है। वह एक ऐसी सरकार का चयन करेगी, जो सभी लोगों के हितों का ध्यान रखेगी। जब उनसे पूछा गया कि इस बार दिल्ली में आम आदमी पार्टी को कितनी सीटें मिलेगी, तो वो इस पर उन्होंने कहा कि मैं इस पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी नहीं कर सकता हूं, लेकिन इतना जरूर कहना चाहूंगा कि इस बार वोटिंग परसेंटेज पहले से अच्छा होगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय मंत्री एस. जयशंकर, हरदीप सिंह पुरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना, मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने अपने वोट डाले। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों (सीआरपीएफ) की कुल 220 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा 19,000 होमगार्ड और 35,626 दिल्ली पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। मतदान केन्द्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो। चुनाव आयोग ने वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए विशेष सुविधाएं प्रदान की हैं। इस चुनाव में 18-19 वर्ष के 2.39 लाख युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। शहर में कुल 13,766 मतदान केन्द्र और 2,696 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।