एक्टर थलापति विजय के खिलाफ मुस्लिम समुदाय के अपमान का केस दर्ज, वायरल फुटेज में जानिए क्या है FIR की वजह ?

जयपुर न्यूज़ डेस्क- तमिल अभिनेता से राजनेता बने थलपति विजय के खिलाफ चेन्नई में एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर मुस्लिम समुदाय का अपमान करने का आरोप लगाया गया है। दरअसल, हाल ही में थलपति विजय ने रमजान के पवित्र महीने की शुरुआत पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ मुस्लिम समुदाय के साथ इफ्तार किया, बल्कि खुद भी एक दिन का उपवास रखा। इस पार्टी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं।
एक तरफ जहां कई लोगों ने विजय के इस कदम की तारीफ की। वहीं दूसरी तरफ कई लोगों ने उनकी आलोचना भी की। इतना ही नहीं उनकी फिल्मों का बहिष्कार करने की भी मांग की गई। न्यूज 18 के मुताबिक, इस मामले में अब तमिलनाडु सुन्नत जमात की ओर से चेन्नई पुलिस कमिश्नर ऑफिस में थलपति विजय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उन्होंने इफ्तार के दौरान मुस्लिम समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
अभिनेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए- सैयद गौस
तमिलनाडु सुन्नत जमात के कोषाध्यक्ष सैयद गौस ने कहा कि इफ्तार कार्यक्रम में कुछ ऐसे लोग भी मौजूद थे, जिनका रोजा या इस्लामी रीति-रिवाजों से कोई संबंध नहीं था। इसमें शराबी और गुंडे भी शामिल थे। इससे मुस्लिम समुदाय की पवित्रता का अपमान हुआ है।उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए कानूनी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि वह यह शिकायत खुद को प्रमोट करने के लिए नहीं, बल्कि भविष्य में होने वाले समारोहों में सम्मान और प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए कर रहे हैं।
थलपति विजय 'जन नायकन' में नजर आएंगे
थलपति विजय जल्द ही 'जन नायकन' में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन एच विनोथ कर रहे हैं। इस फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, प्रकाश राज, प्रियमणि समेत कई सितारे नजर आएंगे।