Ajmer दो दिवसीय गुरु गुणानुवाद महोत्सव आज से, होगा गुरु स्मृति दीपदान
Ajmer दो दिवसीय गुरु गुणानुवाद महोत्सव आज से, होगा गुरु स्मृति दीपदान
Feb 5, 2025, 13:35 IST

अजमेर न्यूज़ डेस्क , अजमेर आचार्य विद्यासागर के प्रथम समाधि दिवस पर शहर में दो दिवसीय गुरु गुणानुवाद महोत्सव का आयोजन बुधवार और गुरुवार को होगा। इसके तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा।सकल दिगबर जैन समाज के पुखराज पहाड़िया ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि आचार्य विद्यासागर के प्रथम समाधि पर देशभर में कार्यक्रम होंगे। इसी कड़ी में अजमेर में भी कार्यक्रमों का आयोजन होगा। बुधवार को सुबह 7.30 बजे होटल मेरवाड़ा एस्टेट में गुरु स्मृति दीपदान होगा। 8 से 9 बजे तक महिला मंडल के तत्वावधान में विशेष नाट्य मंचन होगा।
विजय जैन ने बताया कि गुरुवार को गुरु गुणानुवाद दिवस का आयोजन होगा। सुबह 8 बजे गुरु गौरव यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत केसरगंज से गौरव यात्रा रवाना होगी। यह मदार गेट, स्टेशन रोड होते हुए महावीर सर्किल स्थित दीक्षास्थली पहुंचेगी। इसी तरह वैशाली नगर पार्श्वाथ कॉलोनी से गौरव यात्रा निकाली जाएगी। यह शांतिपुरा, आनंद नगर, गौरव पथ, बजरंगढ़ होते हुए दीक्षास्थल पहुंचेगी।
धर्मसभा-आरती का आयोजन
गुरुवार को सुबह 9.30 बजे होटल मेरवाड़ा एस्टेट में धर्मसभा होगी। इसमें उपाध्याय वृषभानंद महाराज, नीरज सागर और निर्मद सागर महाराज के प्रवचन होंगे। रात्रि 8 बजे आचार्य विद्यासागर के दीक्षास्थल पर भक्ति संध्या और महाआरती होगी।