Barmer टीना डाबी ने रोहिड़ी संगीत महोत्सव की अनुमति रद्द की

Barmer टीना डाबी ने रोहिड़ी संगीत महोत्सव की अनुमति रद्द की
 
Barmer टीना डाबी ने रोहिड़ी संगीत महोत्सव की अनुमति रद्द की

बाड़मेर न्यूज़ डेस्क, बाड़मेर कलेक्टर टीना डाबी ने 12 जनवरी को होने वाले रोहिड़ी संगीत महोत्सव कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी है। इसके बाद विवाद शुरू हो गया है। शिव से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने राजनीतिक विरोधियों पर कार्यक्रम रद्द करवाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। वहीं, उनके समर्थक सोशल मीडिया पर हैशटैग थार घातक भाजपा ट्रेंड करवा रहे हैं। विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा- प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद हमने इस कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी थीं, लेकिन मेरे राजनीतिक विरोधियों ने साजिश कर इसे रद्द करवा दिया। यह बाड़मेर-जैसलमेर, बालोतरा की जनता के साथ विश्वासघात है।

मामले में कलेक्टर टीना डाबी का कहना है- भारत-पाक सीमा से सटे होने के कारण सुरक्षा कारणों से अनुमति रद्द की गई है। यह क्षेत्र प्रतिबंधित है। यहां बाहरी लोगों को आने के लिए अनुमति लेनी होगी। इस कार्यक्रम में कौन कहां से आएगा, इसकी कोई सूची नहीं दी गई है। हालांकि कलेक्टर द्वारा अनुमति रद्द किए जाने के बाद रविंद्र सिंह भाटी ने महोत्सव का स्थान बदल दिया है। अब कार्यक्रम रोहिड़ी गांव की जगह शिव उपखंड मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा। शिव एसडीएम हनुमानराम ने 10 अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रम की अनुमति दे दी है। इसके बाद 12 जनवरी को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक शिव के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।