Bundi कलेक्टर ने किया जैत सागर और नवल सागर का दौरा

Bundi कलेक्टर ने किया जैत सागर और नवल सागर का दौरा
 
Bundi कलेक्टर ने किया जैत सागर और नवल सागर का दौरा

बूंदी न्यूज़ डेस्क, बूंदी जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने बुधवार को नवल सागर और जैतसागर झील का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने के लिए झील को साफ और स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। साथ ही आरयूआईडीपी के अधिकारियों को बूंदी सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत पर्यटन स्थलों पर करवाए जाने वाले रिनोवेशन कार्यों के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने नवल सागर का निरीक्षण कर झील में गंदे पानी के गिरने की समस्या का समाधान करने के लिए दुबारा सर्वे कराए जाने, दीवारों की मरम्मत व साफ सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही नवल सागर में आने वाले बरसात के पानी में रूकावट नहीं आए, इसका प्रबंध करने को कहा।

जैतसागर की सफाई और सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर जैतसागर झील की सफाई करवाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि झील की टूटी हुई दीवारों की मरम्मत करवाई जाए। खराब लाईटों को दुरुस्त करवाकर दीवारों पर रेलिंग लगवाई जाए। जैतसागर की दीवारों पर पेंटिंग भी करवाई जाए। पर्यटकों की सुविधा के दृष्टिगत साइनेज बोर्ड लगाए जाएं। किसी भी हालत में झील में कचरा ना फैलाया जाए। नौकायान करवाने की सभी व्यवस्थाएं कर नौकायान शुरू करवाया जाए। इसके बाद जिला कलेक्टर ने शंभूसागर का निरीक्षण किया।

पर्यटन स्थलों व नवल सागर पार्क का निखरेगा स्वरूप
आरयूआईडीपी की ओर से बूंदी शहर में स्थित नवल सागर पार्क, छतरियों, कुंडों, बावडियों आदि का 15.79 करोड़ की लागत से सौंदर्यीकरण कर इनके स्वरूप को आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। आने वाले दिनों में शहर के प्रमुख दरवाजे रोशनी जगमगाएंगे।

15.79 करोड़ से होंगे कार्य
बूंदी सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत 15.79 करोड़ की लागत से बूंदी के ऐतिहासिक स्थलों और पार्क का रिनोवशन करवाया जएगा। इन कार्यों के लिए निविदा आमंत्रित कर दी गई है। कलेक्टर ने बताया कि परियोजना के तहत नवल सागर पार्क के विकास करवाया जाएगा। नागर सागर कुण्ड, नारू की बावडी, जैत सागर स्मृति कुंज, घोड़े वाले बाबाजी की छतरी, नवल सागर छतरी, अभयनाथ महादेव, नागर सागर छतरी, शेरियो की छतरी, कैंपा बाग, नसिया जी, मनोहर बावडी का रिनोवेशन होगा। इसी तरह चौगान गेट एक व 2, खोजागेट, मीरां गेट तथा लंकागेट के प्रकाशीयकरण के कार्य भी करवाएं जाएंगे। निरीक्षण के दौरान डीएफओ संजीव शर्मा, नगर परिषद आयुक्त अरूणेश शर्मा, आरयूआईडीपी की अधिशाषी अभियंता सोनम शर्मा आदि साथ रहे।