Jaipur अग्निवीर योजना से प्रभावित युवाओं को साधेगी कांग्रेस, निकाली जाएगी न्याय यात्रा

Jaipur अग्निवीर योजना से प्रभावित युवाओं को साधेगी कांग्रेस, निकाली जाएगी न्याय यात्रा
 
Jaipur अग्निवीर योजना से प्रभावित युवाओं को साधेगी कांग्रेस, निकाली जाएगी न्याय यात्रा
जयपुर न्यूज़ डेस्क, जयपुर लोकसभा चुनाव से पहले युवा मतदाताओं को साधने के लिए कांग्रेस ने रणनीति बनाई है। इसके लिए पार्टी ने अपने अग्रिम संगठन युवा कांग्रेस को आगे किया है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना से प्रभावित युवाओं को अपने पाले में लाने के लिए घर-घर जाकर संवाद करेंगे। साथ ही प्रदेशभर में अगले माह से न्याय यात्रा भी निकाली जाएगी। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना के नाम पर केंद्र ने युवाओं के साथ अन्याय किया है। सेना भर्ती की तैयारी करने वाले 30 लाख युवा इससे प्रभावित हुए हैं, वहीं डेढ़ लाख युवा ऐसे हैं जो शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा में पास हुए, लेकिन अभी तक उन्हें नियुक्ति नहीं दी गई। ऐसे में कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रभावित युवाओं से संवाद करेंगे और उनसे कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।

सभी जिलों में 50 किमी पैदल यात्रा

जय जवान अभियान के संयोजक ऋषेंद्र सिंह ने बताया कि अग्निवीर योजना से प्रभावित युवाओं को न्याय दिलाने के लिए सभी जिलों में करीब 50 किलोमीटर की न्याय यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि अग्निवीर योजना से पहले 30 लाख युवाओं ने सेना भर्ती के लिए आवेदन किया, जिनमें 10 करोड़ रुपए एकत्रित हुए हैं।

चार मंत्रियों के आवास बदले

राज्य सरकार ने चार मंत्रियों के आवासों में परिवर्तन किया है, वहीं एक मंत्री और सरकारी मुख्य सचेतक को आवास आवंटित किए गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को इस संबंध में एक आदेश जारी किया। इसमें कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को सिविल लांइस में पहले आवंटित 18 नंबर की जगह 14 नंबर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को सिविल लाइंस में ही 385 की जगह 18 नंबर, राजस्व मंत्री हेमंत मीना को बी-2 भगत सिंह मार्ग की जगह 382 ए सिविल लाइंस, सैनिक कल्याण राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी को 385 सिविल लाइंस के बजाय अब 383 ए नंबर का आवास दिया गया है। इसके अलावा पंचायतीराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी को 1/46 गांधीनगर और सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग को सिविल लाइंस में 383 ए नंबर का आवास आवंटित किया गया है।